दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना क्षेत्र के गांव वरना में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की उटंगन नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। दोनों बच्चों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बरना निवासी प्रशांत पुत्र अरविंद (12 वर्ष) तथा लक्ष्मण पुत्र श्यामलाल (11 वर्ष) मंगलवार को गांव के पास स्थित उटंगन नदी के किनारे बकरियां चराने के लिए गए थे। बकरियां चराने के दौरान दोनों बच्चे नदी में नहाने लगे।


बताया जाता है कि नहाते समय दोनों बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को पानी में डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया और उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी।
ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला और तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस दोनों बच्चों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद लेकर पहुंची। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों द्वारा बच्चों को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई तथा दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक प्रशांत और लक्ष्मण के घरों में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग बड़ी संख्या में दोनों परिवारों के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।





















