दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव पलिया स्थित श्रीकृष्ण कांता कोल्ड स्टोरेज के बाहर मंगलवार को एक ट्रक चालक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, धौलपुर जनपद के मांगरौल मनियां निवासी शिवकुमार उर्फ शिवम (23) पुत्र महेश राठौर ट्रक चालक था। वह मंगलवार को श्रीकृष्ण कांता कोल्ड स्टोरेज पर पहुंचा था, जहां से उसे ट्रक में आलू लोड कर भोपाल के लिए रवाना होना था।
बताया गया है कि ट्रक में कांच के टुकड़े पड़े होने के कारण कोल्ड स्टोरेज प्रबंधन की ओर से वाहन को बाहर ले जाकर साफ करने के लिए कहा गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक ट्रक को लेकर कोल्ड स्टोरेज परिसर से बाहर निकला, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव बाहर एक पेड़ के नीचे पड़ा मिला। शव की नाक से खून निकल रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि चालक की मौत अचानक रक्तचाप बढ़ने या अन्य स्वास्थ्य कारणों से हुई हो सकती है, जबकि कुछ लोग आशंका जता रहे हैं कि ट्रक से उतरने के दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी हो। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की है। साथ ही कोल्ड स्टोरेज में ट्रक के प्रवेश और बाहर निकलने के समय के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।





















