दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। शाहकुली क्षेत्र में शाही हकीम हाउस के निकट कथित रूप से किए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन एवं भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने संज्ञान लिया है। अधिकारियों के अनुसार सूचना मिलने पर निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
उप जिलाधिकारी किरावली दिव्या सिंह ने बताया कि क्षेत्र में निर्माण कार्य की सूचना प्राप्त होने पर फतेहपुर सीकरी पुलिस को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवा दिया। उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों को भी दी गई है और उनके स्तर से भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम के अनुसार जिस भूमि पर निर्माण कार्य किए जाने की सूचना है, वह नॉन-ज़ेड (Non-Z) श्रेणी की भूमि बताई जा रही है। भूमि की स्थिति स्पष्ट करने के लिए उसकी जांच एवं पैमाइश कराई जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के सर्किल कार्यालय से जुड़े अधिकारी दिलीप सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज किए जाने हेतु पुलिस को प्रार्थना पत्र उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि विभाग अपने स्तर पर प्रकरण की जांच कर रहा है





















