दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। कस्बे में मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे गुलिस्तान कार पार्किंग गेट के समीप एक तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर समेत बाइक सवार दो युवक भी घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दानिश पुत्र सुलेमान, निवासी रोजा तल, ऊपर पहाड़, फतेहपुर सीकरी अपने भाई की दुकान पर पैदल जा रहा था। इसी दौरान आगरा की तरफ से आ रही मोटरसाइकिल संख्या UP80 HF 9807 स्प्लेंडर ने तेज रफ्तार में दानिश को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दानिश गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया गया है कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। हादसे के बाद एक युवक मौके से भाग गया, जबकि दो को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान भूपेंद्र पुत्र रामवीर, निवासी श्यामो, आगरा तथा अजय पुत्र राजू, निवासी कलवारी, आगरा के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर सीकरी पहुंचाया। दानिश के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों बाइक सवारों को हिरासत में ले लिया है। थाना अध्यक्ष को दी गई तहरीर में पीड़ित के भाई ने उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि बाइक नंबर और पकड़े गए युवकों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।























