दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। कस्बा फतेहाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान 20 वर्षीय प्रसूता की मौत के बाद शनिवार को परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले को लेकर दोनों पक्षों के बीच वार्ता चलती रही।
भदरौली के ट्यूबवेलपुरा निवासी सविता (20) पत्नी अमरेश को गुरुवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर कस्बा फतेहाबाद के केके अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रसव के दौरान उसकी मौत हो गई।
शनिवार को मृतका के पिता चंद्रभान सिंह ने आरोप लगाया कि अस्पताल में झोलाछाप चिकित्सक से ऑपरेशन कराने के कारण उनकी बेटी की मौत हुई।
उनका कहना है कि उन्होंने कई बार बेटी को दूसरे अस्पताल ले जाने की बात कही थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने जच्चा-बच्चा दोनों के सुरक्षित होने का आश्वासन देकर भर्ती बनाए रखा। परिजनों ने मामले में कार्रवाई की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच वार्ता जारी थी।





















