दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार 28 मई को हुए भीषण सड़क हादसे में घायल महिला ने मंगलवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में उनकी 7 माह की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार 28 मई दोपहर करीब 12 बजे आगरा के दयालबाग निवासी निशांत वशिष्ठ अपनी पत्नी वैष्णवी, 7 माह की बेटी युति और एक युवती आकांक्षा के साथ कार से मैनपुरी से दिल्ली जा रहे थे।
थाना फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 22.500 के पास अचानक कार का अगला टायर फट गया। तेज रफ्तार के कारण कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटी और डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में जाकर रुक गई।
हादसा इतना भीषण था कि 7 माह की युति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं निशांत वशिष्ठ और उनकी पत्नी वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर फतेहाबाद थाना पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को 108 एंबुलेंस से फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर वैष्णवी को आगरा रेफर किया गया, जहां मंगलवार को इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।





















