• गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। ताजगंज क्षेत्र के एक पाँच सितारा होटल में विगत दिवस अजीब वाकया हुआ। यहां चार युवकों ने 41,477 रुपये का खाना-पीना किया और बिना बिल चुकाए ही सरक लिए। होटल के सुरक्षा प्रबंधक की तहरीर पर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एक युवक ने पहले फोन के जरिए होटल के रेस्टोरेंट में टेबल बुक कराई और फिर अपने तीन साथियों को दावत के लिए बुलाया। चारों युवक तय समय पर होटल पहुंचे और रेस्टोरेंट में बैठकर महंगे व्यंजनों तथा पेय पदार्थों का ऑर्डर दिया। करीब दो घंटे तक उन्होंने आराम से डिनर किया और किसी भी तरह का संदेह पैदा नहीं होने दिया।
डिनर खत्म होने के बाद आरोपियों ने अपनी योजना को अंजाम देना शुरू किया। तीन युवक चुपचाप रेस्टोरेंट से निकलकर पार्किंग में खड़ी एक सफेद कार में जाकर बैठ गए।
इसी बीच मुख्य आरोपी असद खान ने रेस्टोरेंट कर्मचारियों से कहा कि वह बाहर जाकर सिगरेट पीकर आता है। कर्मचारियों को उसकी बात सामान्य लगी, लेकिन कुछ देर बाद जब वह वापस नहीं लौटा तो संदेह पैदा हुआ।
होटल स्टाफ ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन तब तक वह फरार हो चुका था। पार्किंग में खड़ी कार भी वहां से निकल गई।
होटल प्रबंधन के अनुसार चारों युवकों ने खाने-पीने पर कुल 41,477 रुपये खर्च किए थे। बिल भुगतान किए बिना ही सभी आरोपी फरार हो गए। होटल कर्मियों ने तुरंत उनके मोबाइल फोन नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। संबंधित नंबर भी ब्लॉक कर दिए गए थे, जिससे होटल प्रबंधन को ठगी का एहसास हुआ।
घटना के बाद होटल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें चारों युवक होटल में आते और जाते दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर उनकी गतिविधियों की जांच की जा रही है। जिस सफेद कार का इस्तेमाल किया गया था, उसका नंबर ट्रेस किया गया।
प्रारंभिक जानकारी में पता चला कि वाहन मध्य प्रदेश के ग्वालियर की एक महिला के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय कार किसके कब्जे में थी और आरोपियों का उससे क्या संबंध है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















