दैनिक जिला नगर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम पारोली सिकरवार में चल रही चकबंदी प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए सोमवार दोपहर बड़ी संख्या में किसान तहसील मुख्यालय पहुंचे।
किसानों ने अधिकारियों से मिलकर पूरी चकबंदी प्रक्रिया को निरस्त करने की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पारोली सिकरवार में पिछले दिनों चकबंदी प्रक्रिया शुरू की गई थी।
किसानों का आरोप है कि इस प्रक्रिया में भारी गड़बड़ी की गई है, जिससे स्थानीय किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों की चकबंदी विभाग के अधिकारियों के साथ दो बार बैठक भी हो चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
इसी क्रम में सोमवार दोपहर वासुदेव वर्मा, बंटू, बोलें राम, साहूकार, कृष्णकांत सिंह, नत्थीलाल, अतर सिंह, जयप्रकाश, मोहित कुमार समेत तमाम किसान तहसील मुख्यालय पहुंचे।
उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन देकर चकबंदी की पूरी प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने और नए सिरे से पारदर्शी तरीके से चकबंदी कराने की मांग की।
किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।





















