जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। नगर निगम सेवाभवन सभागार में नगर आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग, अर्बन कंपनी एवं सुकमा कंपनी के अधिकारियों के साथ स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों एवं नाला सफाई व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक चार घंटे से अधिक चली।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने नाला सफाई के पश्चात सड़क पर सिल्ट (गाद) डाले जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में शहर की सड़कों पर सिल्ट नहीं दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने निर्देशित किया कि अगले 72 घंटे के भीतर सभी 8 स्वच्छता सर्किलों में आवश्यकता अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर लेकर नाला सफाई पॉइंट्स पर तैनात किए जाएँ।
उन्होंने कहा कि अपरिहार्य परिस्थितियों में यदि सिल्ट निकलती है तो उसे अधिकतम 2 से 3 घंटे के भीतर हर हाल में हटाया जाए। प्रमुख चौराहों, मुख्य मार्गों, औद्योगिक क्षेत्रों, धार्मिक स्थलों, पार्कों, बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन मार्गों पर किसी भी प्रकार की गंदगी न दिखाई दे, यह सुनिश्चित किया जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि वर्तमान ग्रीष्म ऋतु में प्रभावी सफाई व्यवस्था शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा बैठक में उन्होंने सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत निर्मित प्रमुख मार्गों — रामघाट रोड, स्वर्ण जयंती नगर, 100 फुटा रोड, गूलर रोड, खैर रोड, आईटीआई रोड, रेलवे रोड, ऊपरकोट एवं संबंधित संपर्क मार्गों — पर नियमित मैकेनिकल स्वीपिंग और रोड क्लीनिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर में 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू है। सभी वाहनों को जीपीएस प्रणाली से जोड़कर ICCC इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से रियल टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और दक्षता बढ़ी है।
उन्होंने यह भी बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नागरिक फीडबैक में नगर निगम अलीगढ़ 17 नगर निगमों में वर्तमान में दूसरे स्थान पर है तथा अब तक 1,08,069 फीडबैक प्राप्त हो चुके हैं। नागरिक सहभागिता बढ़ाने के लिए लगातार जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
सड़कों की बेहतर सफाई के लिए दो आधुनिक वैक्यूम सक्शन स्वीपिंग मशीनें भी तैनात की गई हैं। घर-घर से कूड़ा पृथक्करण (स्रोत पृथक्करण) को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चल रहा है, जिसमें वर्तमान में 50–60 प्रतिशत प्रगति हासिल की गई है।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहरवासियों के सहयोग से अलीगढ़ नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा और देश की स्वच्छता परीक्षा में अग्रणी स्थान प्राप्त करने का प्रयास जारी रहेगा।





















