दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। कस्बे के मोड बाईपास व्यापारी रमन गुप्ता के पुत्र होनहार छात्र कुशाल गुप्ता की सड़क दुर्घटना में उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने पर परिवार में कोहराम मचा हुआ है ।
घटनाक्रम अनुसार कुशाल गुप्ता विगत 7 मई को बीबीए की परीक्षा देने के लिए राजा बलवंत सिंह कॉलेज के खंदारी कैंपस गए थे, परीक्षा समाप्त होने के बाद वह फतेहपुर सीकरी बाईपास की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान महुअर क्षेत्र के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीछे से आए एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उन्हें गंभीर सिर में चोट आई।
घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए आगरा स्थित रेनबो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 8 मई को चिकित्सकों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया , अचानक से होनहार छात्र की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पिता रमन गुप्ता ने बताया गया है कि मृतक कुशाल गुप्ता पढ़ाई में अत्यंत प्रतिभाशाली छात्र थे। परिवार में उनके बड़े भाई किराना व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। सीकरी श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया
छात्र की असमय मौत की घटना पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जितेंद्र फौजदार,पूर्व नगर अध्यक्ष त्रिलोकचंद मित्तल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद इस्लाम, मुरारी बजरंगी, मोहन अग्रवाल, अंजय गोयल, विष्णु गुप्ता, मनोज सिंघल, हनी गोयल, राहुल घाटी, राजेश मित्तल सहित अनेक लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाते हुए सांत्वना दी।
स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने कट एवं यातायात सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर संकेतक बोर्ड एवं सुरक्षा अवरोधकों के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे युवा वर्ग असमय काल का शिकार हो रहा है।





















