दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र के छतरियापुरा गांव में गुरुवार देर शाम कहासुनी को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। घटना में दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। झगड़े में एक पक्ष से उषा पत्नी ग्याप्रसाद, ग्याप्रसाद पुत्र बीरी सिंह और निहाल देवी पत्नी भीमसेन घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष से वीरेंद्र पुत्र हीरालाल तथा गोविंद पुत्र नवाब सिंह घायल बताए गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया।
घटना के बाद गांव में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। थाना प्रभारी तरुण धीमान ने बताया कि मारपीट में घायल लोगों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















