जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
इगलास/अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा परिसर में एक दिवसीय विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में देश की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया और युवाओं की प्रतिभा को परखा।
कड़े साक्षात्कार और योग्यता परीक्षण के बाद विभिन्न पदों के लिए कुल 460 अभ्यर्थियों का चयन किया गया, जिससे उन्हें रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को कौशल संपन्न बनाकर आत्मनिर्भर बनाना है।
कुलसचिव ब्रिगेडियर डा. समरवीर सिंह ने रोजगार मेले को मील का पत्थर बताते हुए कहा कि संस्थान का प्रयास है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ बेहतर करियर अवसर भी मिलें।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कहा कि वर्तमान दौर में नौकरियों की कमी नहीं है, बल्कि युवाओं को अपनी काबिलियत साबित करने की जरूरत है।
मेले में तकनीकी, प्रबंधन और सेवा क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने विभिन्न स्टॉल्स पर पंजीकरण कर कंपनियों के प्रतिनिधियों के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा और प्रशासनिक अधिकारी गोपाल राजपूत ने अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रो. किशनपाल सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रतिवर्ष जॉब फेयर आयोजित किया जाता है, जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को रोजगार मिलता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रभारी डा. विपिन कुमार ने अतिथियों और कंपनी प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रो. आरके शर्मा, प्रो. राजेश उपाध्याय, प्रो. जितेंद्र सिंह, डा. सुजीत महापात्रा, राहुल देव और रामगोपाल सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।























