दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन ब्रजेश पाठक ने एसडीएम स्वाति शर्मा को लिखित शिकायत देकर विद्यालय में हुए हंगामे और अपनी सुरक्षा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।वार्डन के अनुसार, 22 अप्रैल को एक किसान नेता 10-15 लोगों और कुछ पत्रकारों के साथ विद्यालय परिसर में पहुंच गया। आरोप है कि उसने जोर-जोर से चिल्लाते हुए माहौल बिगाड़ दिया और छात्राओं के नाम काटने (टीसी) को लेकर दबाव बनाया।
वार्डन ने बताया कि कक्षा 8 की छात्रा लक्ष्मी के मामले में परिजनों की सहमति से नाम न काटने का निर्णय लिया गया था। छात्रा के बाबा प्रेम सिंह ने स्वयं नामांकन कराया था और परिवार की ओर से स्पष्ट मना किया गया था कि बिना अनुमति नाम न काटा जाए।इसके अलावा, शिकायत में विद्यालय की सहायक रसोइया रामरति पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
वार्डन के अनुसार, वह समय पर भोजन नहीं बनाती हैं और कई बार समझाने के बावजूद सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि वह संबंधित किसान नेता को बार-बार फोन कर बुलाती हैं, जिससे विद्यालय का माहौल प्रभावित होता है।वार्डन का कहना है कि उक्त व्यक्ति पूर्व में भी पत्रकारों को लेकर विद्यालय आ चुका है और वीडियो बनाकर दबाव बनाने की कोशिश करता रहा है।
उन्होंने उसे अराजक प्रवृत्ति का बताते हुए लगातार उत्पीड़न का आरोप लगाया।वार्डन ने एसडीएम से मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए संबंधित किसान नेता और रसोइया जिम्मेदार होंगे।प्रशासन ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।























