जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़। थाना गांधी पार्क क्षेत्र स्थित धर्म समाज कॉलेज में एक अनोखा मामला सामने आया है। कॉलेज परिसर में बंदरों को भगाने के लिए एक लंगूर को “सिक्योरिटी” के तौर पर रखा गया था। बताया जा रहा है कि इसके लिए ₹12,000 मासिक वेतन तय किया गया था।
मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लंगूर को कब्जे से मुक्त कराकर अपने साथ ले गई।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, बिना अनुमति किसी भी संरक्षित वन्यजीव को रखना या उसका उपयोग करना नियमों के विरुद्ध है। मामले में संबंधित पक्ष से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
इधर, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि परिसर में बंदरों की बढ़ती समस्या के कारण यह कदम उठाया गया था।
हालांकि, वायरल वीडियो के बाद अब प्रशासन भी सक्रिय हो गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं, अब यह भी देखा जा रहा है कि बंदरों की समस्या से निपटने के लिए आगे क्या वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।























