दैनिक जिला नजर संवाददाता\
फतेहाबाद/आगरा: निबोहरा क्षेत्र के ग्राम रामगढ़ में पोषण पखवाड़ा बड़े उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र पर महिलाओं, बच्चों एवं ग्रामीणों को पोषण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं किशोरियों को संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि सही पोषण से ही बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास संभव है।
सुपरवाइजर मोनिका मैडम ने बताया कि पोषण पखवाड़ा का मुख्य उद्देश्य लोगों को कुपोषण के प्रति जागरूक करना और स्वस्थ आहार अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से हरी सब्जियों, फल, दाल एवं अन्य पौष्टिक तत्वों का सेवन करने से कई बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।
इस अवसर पर बच्चों का वजन एवं स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया तथा कुपोषण से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पोषण संबंधी जानकारी को अपनाने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी शिया देवी, बृजबाला, सुमन, रैना देवी, शीला देवी, वर्षा, मधु, विमला देवी, दीपा, रामवती, रेखा, मनीषा, उषा देवी, ज्योति, उर्मिला, विजयलक्ष्मी, बेबी, शकुंतला, मांडवी, प्रियंका आदि उपस्थित रहीं।























