जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। आगामी मानसून को देखते हुए नगर निगम ने शहर को जलभराव से बचाने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा के नेतृत्व में शहर के 59 बड़े नालों की सफाई युद्धस्तर पर कराई जा रही है।
जाफरी ड्रेन, अलीगढ़ ड्रेन, नादा पुल नाला और मथुरा बाईपास नाले जैसे प्रमुख स्थलों पर भारी मशीनों के जरिए तेजी से सफाई कार्य चल रहा है।
नगर आयुक्त ने स्वयं मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि मानसून से पहले सभी नालों की शत-प्रतिशत सफाई हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
इस बार नगर निगम ने व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए नालों की सफाई वर्ष में एक बार के बजाय तीन बार कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए दो निजी एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिन्हें सफाई के साथ-साथ सालभर निगरानी और रखरखाव का कार्य भी करना होगा।

सख्त नियम भी लागू किए गए हैं। यदि किसी स्थान पर 24 घंटे से अधिक समय तक सिल्ट पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी पर प्रतिदिन 5 हजार रुपये की कटौती की जाएगी।
नगर निगम का दावा है कि 31 मई तक सभी नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी, जिससे इस बार मानसून के दौरान शहरवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।























