जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
इगलास/अलीगढ़। इगलास-अलीगढ़ मार्ग पर गांव सहारा कला स्थित एक धर्म कांटे पर खड़े लोडिंग ट्रक के केबिन में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास के ग्रामीणों में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 बजे ट्रक संख्या यूपी 75 बीटी 9777 बदरफूट का वजन कराने के लिए धर्म कांटे पर आया था। ट्रक चालक अंकित कुमार वजन की पर्ची लेने के लिए ऑफिस में गया हुआ था, तभी अचानक ट्रक के केबिन में आग लग गई।
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए रेत और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस दौरान फायर ब्रिगेड टीम में मुंशी आदित्य कुमार, वाहन चालक बिहारी शरण शर्मा, फायरमैन चंद्रवीर, लाखन सिंह और अशोक कुमार शामिल रहे।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।























