दैनिक जिला नजर संवाददाता नेहा श्रीवास
झांँसी। जहां आज के दौर में मामूली रकम के लिए भी लोग बेईमानी से नहीं हिचकते, वहीं शहर के एक ई-रिक्शा चालक ने ईमानदारी की मिसाल पेश कर समाज को प्रेरित किया है।
जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक धर्मपाल सिंह अहिरवार की गाड़ी में सोमवार को सवार एक 32 वर्षीय महिला अपना बैग भूल गई। बैग में सोने-चांदी के करीब 13 से 14 लाख रुपये मूल्य के आभूषण रखे थे। बैग मिलने पर धर्मपाल ने बिना देर किए सीपरी बाजार थाना पुलिस से संपर्क किया और बैग उन्हें सौंप दिया।
मामले की जानकारी मिलने पर बीबीजीटीएस मूर्ति (एसएसपी झांँसी) ने मंगलवार को धर्मपाल सिंह को अपने कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर चालक की ईमानदारी की सराहना की। इसके साथ ही महिला को उसका बैग धर्मपाल के हाथों ही वापस दिलाया गया।
एसएसपी ने कहा कि धर्मपाल जैसे नागरिक समाज के असली नायक हैं और उनके इस निस्वार्थ कार्य से पुलिस व जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है।
























