जिला नजर संवाददाता
हाथरस। अलीगढ़-आगरा बाईपास स्थित प्रताप चौराहे के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जा रहा है कि बोलेरो में सवार सभी लोग गंगाजी से स्नान कर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में करीब 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।























