बहन को लेने जा रही थी पीड़िता, 6 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
जैतपुर/आगरा । बहन को ससुराल से लाने जा रही महिला के साथ रास्ते में घेरकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। मानसरोवर कॉलोनी, दयालबाग आगरा निवासी सपना मल्होत्रा ने पुलिस आयुक्त को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 4 मार्च की शाम उन्हें सूचना मिली कि उनकी बहन बीना के साथ ससुराल पक्ष द्वारा लगातार मारपीट की जा रही है।
रात करीब 9 बजे सपना अपने जीजा जोगेंद्र सिंह व अन्य परिजनों के साथ कार से गुमानसिंहपुरा जा रही थीं। मढ़ेपुरा गांव के पास आरोपियों ने बाइक लगाकर कार को रोक लिया। आरोप है कि कुलदीप सिंह भदौरिया समेत अन्य ने कार का दरवाजा खोलकर मोबाइल छीन लिया और तोड़ दिया। महिला को बाल पकड़कर कार से खींचा गया और पेट में लात मारकर घायल कर दिया।
घटना के दौरान साथ मौजूद परिजनों ने किसी तरह जान बचाई। एसओ खेडा राठौर ने बताया कि तहरीर के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।























