गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। थाना रकाबगंज और थाना सदर बाजार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सट्टेबाजों के बड़े गिरोह का खुलासा किया है। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ लाख रुपये से अधिक की नकदी और बड़ी संख्या में सट्टा सामग्री बरामद की गई है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पुत्र रमेश निवासी ईदगाह कटरा थाना रकाबगंज, योगेश पुत्र कन्हैयालाल निवासी आवास विकास कॉलोनी बोदला थाना जगदीशपुरा, दीपक पुत्र नानक चंद निवासी ईदगाह वाली गली सिरकी मंडी थाना लोहामंडी, मनीष पुत्र रवि सिंह निवासी ईदगाह कॉलोनी थाना रकाबगंज, जाकिर पुत्र हबीब निवासी राजनगर नई आबादी थाना लोहामंडी तथा वकील पुत्र बब्बू निवासी नाला मस्जिद थाना मलपुरा के रूप में हुई।
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,17,042 रुपये नकद, 286 सट्टा पर्चियां, दो पेन, 16 नई डायरियां, एक इस्तेमाल की गई डायरी व कार्बन पेपर, चार खाली पर्ची गड्डियां, पांच बैग और चार मोबाइल फोन बरामद किए। मुख्य आरोपी दीपक के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह लंबे समय से शहर के अलग-अलग इलाकों में सट्टे का अवैध कारोबार संचालित कर रहा था। गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।





















