दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। फतेहपुर सीकरी में एक पशु चिकित्सक द्वारा नशे की हालत में लापरवाही से कार चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि गुलिस्ता पार्किंग गेट के पास आरोपी डॉक्टर ने शराब के नशे में कार चलाते हुए एक्टिवा सवार व्यक्ति को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद एक्टिवा कार के अगले हिस्से में फंस गई, लेकिन डॉक्टर ने कार नहीं रोकी और करीब 2 किलोमीटर तक एक्टिवा को सड़क पर घसीटते हुए तेज रफ्तार में कार दौड़ाता रहा। इस दौरान सड़क पर चल रहे कई राहगीरों ने भागकर अपनी जान बचाई। लोगों का कहना है कि कार की रफ्तार और डॉक्टर के हाव-भाव से लग रहा था कि वह नशे में था।
बताया जा रहा है कि आरोपी पशु चिकित्सक सरकारी पशु अस्पताल पहुंचने के बाद कार रोककर मौके से फरार हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल एक्टिवा सवार को स्थानीय लोगों की मदद से सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताते हुए उपचार शुरू किया है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है और आरोपी डॉक्टर की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच के बाद ही नशे में होने की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।






















