गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
आगरा। नगर निगम की कार्यशैली के प्रति विरोध जताने के लिए लंगड़े की चौकी क्षेत्र के भाजपा पार्षद किशन नायक ने कुछ अलग तरीका अपनाया। उन्होंने अपना जन्मदिन नाले के अंदर खड़े होकर केक काटकर मनाया।
इसके जरिए उन्होंने वर्षों से उपेक्षित पड़े नाले, सफाई व्यवस्था और नगर निगम प्रशासन की कथित लापरवाही के खिलाफ नाराजगी का संदेश दिया। पार्षद ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी गंभीर नहीं हैं।
पार्षद का आरोप है कि नाले की बदहाल स्थिति के कारण लंगड़े की चौकी क्षेत्र में दो बच्चों और एक किसान की मौत हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि एक बच्चे का आज तक कोई पता नहीं चल सका, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की संवेदनशीलता नहीं जागी।
भाजपा पार्षद किशन नायक ने मीडिया को बताया कि सुल्तानगंज की पुलिया से लंगड़े की चौकी होते हुए यह नाला जीवनी मंडी रोड के रास्ते यमुना तक जाता है।
पहले यह एक नहर थी, लेकिन अब पूरी तरह नाले में तब्दील हो चुकी है। उन्होंने कहा कि वह पिछले तीन वर्षों से पार्षद हैं और इससे पहले भी भाजपा कार्यकर्ता रहते हुए इस नाले के निर्माण और सफाई की मांग लगातार उठाते रहे हैं।
उन्होंने बताया कि कई वर्ष पहले तत्कालीन विधायक स्वर्गीय जगन प्रसाद गर्ग के समक्ष भी इस नाले के निर्माण की मांग रखी गई थी, लेकिन आज तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
किशन नायक ने कहा कि फिलहाल तो नाले की सफाई कराने के लिए भी उन्हें अधिकारियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। मेयर से शिकायत की गई, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी संजीव वर्मा फोन नहीं उठाते, जबकि संबंधित जेएसओ भी हाथ खड़े कर देते हैं। पूरा नाला गाद और कचरे से अटा पड़ा है। वर्ष 2011 में अंतिम बार नाले की तलीझाड़ सफाई हुई थी। इसके बाद आज तक नाले की समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिससे स्थिति लगातार भयावह होती चली गई।
पार्षद ने बताया कि नाले के निर्माण के लिए करीब 17 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार कर शासन को भेजी जा चुकी है। लगभग एक वर्ष पहले तत्कालीन नगर आयुक्त स्वयं क्षेत्र में आए थे और जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक कोई काम शुरू नहीं हो सका।





















