• क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर 10 से 20 गुना तक बढ़ी मांग, • कई मॉडल हुए आउट ऑफ स्टॉक
सुखमलसुखमल जैन /जिला नजर
नई दिल्ली। मध्य-पूर्व में बढ़ते ईरान-इजरायल तनाव का असर अब वैश्विक ऊर्जा बाजार के साथ-साथ घरेलू उपभोक्ता बाजार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। गैस आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता और संभावित संकट की आशंका के चलते देश के कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता बढ़ रही है। इसी कारण लोगों का रुझान तेजी से वैकल्पिक कुकिंग उपकरणों, विशेषकर इंडक्शन स्टोव की ओर बढ़ गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में क्विक कॉमर्स और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन स्टोव की मांग में अभूतपूर्व उछाल दर्ज किया गया है। इकनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन स्टोव की मांग करीब 10 गुना तक बढ़ गई है, जबकि ई-कॉमर्स वेबसाइटों पर यह वृद्धि लगभग 20 गुना तक पहुंच गई है। अचानक बढ़ी मांग के कारण कई लोकप्रिय मॉडल पूरी तरह आउट ऑफ स्टॉक हो चुके हैं।
ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट पर इंडक्शन कुकटॉप पर आकर्षक छूट दी जा रही है, लेकिन यहां अधिकांश उत्पाद पहले ही बिक चुके हैं। वहीं स्विगी इंस्टामार्ट और जेप्टो जैसे प्लेटफॉर्म पर भी भारी डिस्काउंट के चलते स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति में अस्थिरता बनी रहती है, तो आने वाले दिनों में वैकल्पिक कुकिंग उपकरणों की मांग और बढ़ सकती है। ऊर्जा विशेषज्ञों के अनुसार, गैस की संभावित कमी की आशंका के बीच उपभोक्ता पहले से ही सुरक्षित और बिजली आधारित विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे इंडक्शन स्टोव की बिक्री में अचानक तेजी आई है।























