फतेहाबाद/आगरा: बुधवार को कस्बा फतेहाबाद स्थित मीरा गार्डन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 32 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर एक-दूजे का साथ निभाने की शपथ ली, वहीं दो मुस्लिम जोड़ों ने निकाह की रस्म अदा कर वैवाहिक जीवन की शुरुआत की।
समारोह में नवविवाहित जोड़ों को शासन की ओर से निर्धारित उपहार सामग्री एवं आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कार्यक्रम स्थल पर वर-वधू पक्ष के परिजनों और स्थानीय नागरिकों की खासी भीड़ रही। पूरे आयोजन में उत्साह और हर्ष का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे बेटियों के विवाह में आर्थिक बोझ कम होता है और सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।
भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष राजेश कुशवाहा ने कहा कि सरकार की यह पहल गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी राहत है। सामूहिक विवाह से फिजूलखर्ची पर रोक लगती है और सामाजिक एकता मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि समाज को ऐसी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी रजत कुशवाहा, एडीओ पंचायत नरेंद्र पाल सिंह, एडीओ आरडी एमपी सिंह, एडीओ समाज कल्याण विभाग आशीष धाकरे, बंटी कुशवाहा, त्रिलोकी नाथ, बारे लाल, कप्तान और लल्लू राम सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अंत में नवविवाहित जोड़ों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
- रिपोर्ट – सुशील गुप्ता





