दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के गांव जवाहरपुर में सोने का कॉलर वापस मांगने को लेकर दो भाइयों के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद में 2 लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया है।
जवाहरपुर निवासी करन सिंह पुत्र आशाराम ने पुलिस को बताया कि उसने करीब 1 साल पहले अपना सोने का कॉलर छोटे भाई अमर सिंह को दिया था। बुधवार को जब करन सिंह ने अपना कॉलर वापस मांगा तो अमर सिंह आगबबूला हो गया।
आरोप है कि अमर सिंह ने पहले गाली-गलौज की और फिर करन सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे करन सिंह के दूसरे भाई वीरेंद्र के साथ भी अमर सिंह ने मारपीट कर दी। हमले में करन सिंह और वीरेंद्र दोनों को चोटें आई हैं।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल दोनों भाइयों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद भेजा। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।





















