दैनिक जिला नज़र संवाददाता
फतेहपुर सीकरी/आगरा। ग्वालियर दरवाजे के बाहर स्थित प्राचीन शाही तालाब में बुधवार को एक व्यक्ति के डूबने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मोहल्ला गौरपाड़ा निवासी विनोद पुत्र कांता के रूप में हुई है, जो नगर पालिका में संविदा कर्मी के रूप में कार्यरत था। परिजनों ने बताया कि विनोद बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से विनोद को तालाब से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए सीएचसी भेजा, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया यह मामला तालाब में कूदने से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि मृत्यु के वास्तविक कारणों एवं घटना की परिस्थितियों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष आनंदवीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी





















