गोविन्द पाराशर– संवाददाता आगरा
खेरागढ़/आगरा। सरस्वती विद्या मंदिर, खेरागढ़ में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा खेरागढ़ बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का भव्य आयोजन हुआ। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका,आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों तथा भाजपा के डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्षों, सेक्टर संयोजकों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति ने संगठनात्मक एकजुटता का परिचय दिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया ने कहा कि भाजपा का बूथ संगठन ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ है और बूथ जितना मजबूत होगा, संगठन उतना ही सशक्त होगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने तथा हर बूथ को संगठन की सबसे मजबूत इकाई बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलते समय में तकनीक संगठन का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को डिजिटल रूप से भी दक्ष होना होगा।
मुख्य अतिथि एवं पूर्व जिलाध्यक्ष मैनपुरी प्रदीप चौहान ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनावी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण का सक्रिय प्रहरी है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष वर्षभर जनता के बीच रहकर संगठन और समाज के बीच मजबूत सेतु का कार्य करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में भाजपा के डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम की विस्तृत जानकारी भी दी गई। कार्यकर्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से संगठनात्मक प्रशिक्षण, वैचारिक अध्ययन, पार्टी की नीतियों, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विभिन्न अभियानों की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही सभी बूथ अध्यक्षों और पदाधिकारियों से डिजिटल लर्निंग प्रोग्राम से जुड़कर नियमित प्रशिक्षण लेने और तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया गया।
अंत में चेयरमैन सुधीर गर्ग ‘गुड्डू’ ने सम्मेलन में पधारे मुख्य अतिथि, अध्यक्ष, सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सेक्टर संयोजकों एवं बूथ अध्यक्षों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन की असली शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और बूथ ही भाजपा की विजय का सबसे मजबूत आधार है।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने, बूथों को और अधिक सशक्त बनाने तथा संगठन के प्रत्येक अभियान में पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया। सम्मेलन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के प्रति भी उन्होंने धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, पूर्व विधायक महेश गोयल, जिला प्रभारी बूथ अध्यक्ष सम्मेलन हरिओम रावत, कार्यक्रम संयोजक एवं नगर पंचायत खेरागढ़ चेयरमैन सुधीर गर्ग ‘गुड्डू’ सहित सैकड़ों वरिष्ठ पदाधिकारी, सेक्टर संयोजक एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।
सम्मेलन का समापन ‘संगठन सर्वोपरि, बूथ सशक्त–भाजपा सशक्त’ के संकल्प के साथ हुआ।





















