आगरा: अगर आप पीएनजी उपभोक्ता हैं तो मंगलवार के लिए सिलिंडर का इंतजाम कर लीजिए। मंगलवार सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक शहर में पीएनजी की आपूर्ति बंद रहेगी। करीब 70 हजार घर इससे प्रभावित होंगे। सीएनजी के 30 पंप भी बंद रहेंगे। टेढ़ी बगिया से शहर को पीएनजी व सीएनजी आपूर्ति करने वाली गैस पाइपलाइन की मरम्मत किए जाने के कारण गैस आपूर्तिकर्ता कंपनी ग्रीन गैस लि. (गेल) ने आपूर्ति बंद करने का निर्णय लिया है।
रामबाग, कमला नगर, जीवनी मंडी, दयालबाग, संजय प्लेस, ट्रांसपोर्ट नगर, खंदारी, शाहगंज, बोदला, सदर, सेवला, फतेहाबाद रोड, ताजगंज के अलावा शास्त्रीपुरम और सिकंदरा क्षेत्र में मंगलवार को 6 घंटे तक पीएनजी और सीएनजी का संकट रहेगा। गेल के विपणन प्रबंधक किशन सिंह ने बताया कि दोपहर 12 बजे के बाद गैस की आपूर्ति शहर में बहाल हो जाएगी। सिर्फ 6 घंटे आपूर्ति बंद रहेगी। उपभोक्ताओं की असुविधा के लिए खेद है।
शहर में 3 लाख से अधिक हैं CNG वाहन
सीएनजी पंप बंद रहने से वाहन चालकों को भी परेशानी होगी। एक अनुमान के मुताबिक शहर में तीन लाख से अधिक सीएनजी वाहन हैं। एमजी रोड, हाईवे व अन्य मार्गों पर सीएनजी ऑटो संचालित हैं। शहर में प्रतिदिन 1.05 लाख किलोग्राम सीएनजी गैस की खपत है। 30 सीएनजी पंप हैं। यह सभी पंप मंगलवार सुबह 6 से दोपहर 12 बजे तक बंद रहेंगे। सोमवार को पंप खुले रहेंगे। परेशानी से बचने के लिए उपभोक्ता सीएनजी भरा सकते हैं।
80 हजार एससीएम पीएनजी खपत
गेल के अनुसार शहर में 70 हजार से अधिक पीएनजी उपभोक्ता है। प्रतिदिन करीब 80 हजार स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) पीएनजी की खपत है। 15 अप्रैल को पीएनजी कीमतों में 1.07 रुपये प्रति एससीएम की वृद्धि की गई थी। 58.50 रुपये प्रति एससीएम पीएनजी की कीमत है।