दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद क्षेत्र में मंगलवार रात सांप काटने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। दोनों घटनाओं में एक महिला और एक पुरुष को जहरीले जीव ने डस लिया। परिजनों ने घायलों को फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। समय पर उपचार मिलने से दोनों की हालत में सुधार है।
पहली घटना फतेहाबाद तहसील क्षेत्र के ग्राम पूठपुरा की है। यहां रात करीब 2:15 बजे घर में सो रही 45 वर्षीय श्रीमती, पत्नी सुशासन को पैर में किसी जहरीले जीव ने काट लिया। दर्द से चीखने परिजन जाग गए। सर्पदंश का अंदेशा होते ही परिवार के लोग उन्हें तुरंत फतेहाबाद सीएचसी लेकर पहुंचे। सीएचसी में डॉक्टरों ने महिला का प्राथमिक उपचार शुरू किया। इंजेक्शन और आवश्यक दवाएं देने के बाद महिला की हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

वहीं दूसरी घटना ग्राम चाचीपुरा में हुई। जहा शौच के लिए गए 55 वर्षीय माधो सिंह पुत्र सोप्रसाद को पैर में सांप ने काट लिया। माधो सिंह ने दर्द महसूस होने पर परिजनों को जानकारी दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें भी फतेहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। अस्पताल में माधो सिंह का उपचार किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें एंटी वेनम देकर निगरानी में रखा। उपचार के बाद अब उनकी हालत में भी सुधार है।
सीएचसी के चिकित्सकों ने बरसात के मौसम में सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, घर के आसपास झाड़ियां साफ रखें और किसी भी जहरीले जीव के काटने पर झाड़-फूंक में समय न गवाएं, तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें।
दोनों घायलों की हालत अब खतरे से बाहर है और उन्हें आगे की निगरानी के लिए दवाएं देकर घर भेज दिया गया है।





















