दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। फतेहाबाद थाना क्षेत्र के गांव नगर चंद्र में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बारात के दौरान हंगामे की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार बारात समारोह में पहुंचे एक कैमरामैन ने अपना ड्रोन चोरी होने का आरोप लगाया है। कैमरामैन का कहना है कि शादी समारोह के दौरान उसका ड्रोन अचानक गायब हो गया, जिसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई।
वहीं दूसरी ओर ग्रामीणों ने बारातियों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों द्वारा हवाई फायरिंग की गई, जिससे मौके पर दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटाई। प्रभारी निरीक्षक तरुण धीमान का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी ली जा रही है। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है।





















