जिला नजर संवाददाता दिलशाद समीर
फतेहपुर सीकरी/आगरा। गुरुवार रात जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक के सामने अचानक नीलगाय आने से दो बाइक सवार दुर्घटना का शिकार हो गए। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत गंभीर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार आगरा के देयोरेठा निवासी रवि पुत्र कमलप्रकाश अपने साथी सुमित पुत्र दौलतराम निवासी नगला अजीता के साथ बाइक से सीकरी के नया गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। मंडीगुड नहर के निकट अचानक सामने आई नीलगाय से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को आगरा रेफर कर दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुमित की हालत गंभीर बनी हुई है।























