मथुरा।मौसम की मार से किसानों की फसलों को हुए भारी नुकसान के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया।धरने को संबोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं अलीगढ़ कोऑर्डिनेटर चौधरी भगवान सिंह वर्मा ने कहा कि देश का अन्नदाता आज प्राकृतिक आपदाओं, महंगाई और सरकारी उपेक्षा का शिकार हो रहा है। हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की तैयार फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। विशेष रूप से गोवर्धन, छाता, बल्देव और मांट विधानसभा क्षेत्रों के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की पीड़ा के प्रति संवेदनहीन बनी हुई है। फसल नुकसान के आकलन के लिए कराया गया सर्वे भी पक्षपातपूर्ण है, जिसमें जाति, धर्म और राजनीतिक आधार पर भेदभाव किया गया। सरकार द्वारा दी जा रही एक से तीन हजार रुपये की सहायता राशि को उन्होंने किसानों के साथ मज़ाक बताया।वर्मा ने मांग की कि मथुरा के किसानों को प्रति एकड़ दो लाख रुपये मुआवजा दिया जाए, साथ ही किसानों के सरकारी ऋण और बिजली बिल माफ किए जाएं तथा चल रही रिकवरी पर तुरंत रोक लगाई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला तो कांग्रेस पार्टी बड़े जनआंदोलन के लिए बाध्य होगी।धरना-प्रदर्शन में ठाकुर साहब सिंह, दीपक पाठक, नसीर अहमद फारुकी, राजू अब्बासी, ठाकुर बदन सिंह, विनोद आर्य, बृजेश शर्मा, राम भरोसे चौधरी, धर्मबीर सिंह सोलंकी, रामदेव सोलंकी, सोबरन सिंह, सलमान चौधरी, अखलाक चौधरी, शिवराम सिंह प्रधान, सचेन्द कुमार गौतम, वीरपाल सिंह खरे, विजय सिंह लोधी, चिरागद्दीन, इन्द्रजीत गौतम, नसीरुद्दीन अब्बासी, रोशनलाल, राजेंद्र प्रसाद बाल्मीकि, प्रियपाल सिंह, उमेश चंद्र शर्मा, उमाकांत शर्मा, कपिल शर्मा, अजय रैगर, आज़ाद रैगर, जगन्नाथ सिंह चौहान, सतपाल चौधरी, अजय रावत, बहुरातें कुमार, रोहित शैनी, सलमान, राकेश यादव, लक्ष्मी पहलवान, नीरज पहलवान, बादाम सिंह, पद्म सिंह, उदयवीर सिंह, सुहाग राम, सूरज सिंह, मोहम्मद यासिन, शमीम अब्बासी, मुकेश, शोभा राम सिंह सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

























