अलीगढ़। जनपद अलीगढ़ के मडराक और रोरावर थाना क्षेत्र के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद युवक की बाइक ट्रक में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई। घर्षण के कारण बाइक में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मडराक और रोरावर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और मृतक की शिनाख्त तथा परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।





















