जिला नजर संवाददाता संजय भारद्वाज
अलीगढ़। जनपद के थाना रोरावर क्षेत्र से एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर साजिश के तहत हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित परिवार के अनुसार, उनकी बेटी यासमीन की शादी 24 फरवरी 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार रहीश के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मारपीट और दहेज को लेकर उत्पीड़न किया जा रहा था। साथ ही पति के अन्य महिला से संबंधों को लेकर भी विवाद होता था।
परिजनों का कहना है कि यासमीन गर्भवती थी और इसी दौरान उसके साथ लगातार मारपीट की गई। 12 मार्च 2026 को उसकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, जिसके बाद उसकी मौत हो गई। परिवार का आरोप है कि यह मौत सामान्य नहीं बल्कि साजिश के तहत की गई है।
वहीं, इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ प्रथम (CO First) को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।























