कासगंज, संवाददाता। थाना सिढ़पुरा क्षेत्र के धुमरी रोड स्थित सुदामानगर में गुरुवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो हार्डवेयर का कारोबार करता था। उसका शव एक खाली पड़ी दुकान के अंदर फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।पुलिस का कहना है कि 19 जून 2026 को सूचना प्राप्त होते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। मामले के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और प्रकरण में थानास्तर से आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, घटनास्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है। पुलिस परिजनों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।





















