संगठन का दावा— शासनादेश और मंत्री स्तर के निर्देशों के बावजूद स्थानीय स्तर पर अटका प्रतिमा स्थापना का मामला
शासनादेश और पूर्व स्वीकृतियों का हवाला देकर प्रतिमा स्थापना की अनुमति देने की उठाई मांग
मथुरा। राजमाता अहिल्याबाई होल्कर सेना (भारत) ने ग्राम पंचायत सुरीर कलां, विकासखंड नौहझील के खसरा संख्या-625 स्थित खेलकूद मैदान में राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना को लेकर जिलाधिकारी मथुरा को ज्ञापन सौंपते हुए प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग की है। संगठन का आरोप है कि शासन स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद स्थानीय स्तर पर प्रतिमा स्थापना में बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।जिलाध्यक्ष सुनील कुमार धनगर द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर समाज की प्रेरणास्रोत एवं लोककल्याणकारी शासक रही हैं। संगठन के अनुसार, प्रतिमा स्थापना के संबंध में पूर्व में शासन एवं पंचायत राज विभाग स्तर पर पत्राचार किया जा चुका है। ज्ञापन में उत्तर प्रदेश शासन के पंचायत राज विभाग द्वारा जारी निर्देशों तथा 19 अप्रैल 2026 को संदर्भ संख्या 15145260030069 पर अपलोड आदेश का हवाला देते हुए दावा किया गया है कि मामले में शीघ्र कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए थे।संगठन का कहना है कि पंचायत राज मंत्री द्वारा भी जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ अधिकारियों द्वारा अनावश्यक आपत्तियां लगाकर कार्य को रोका जा रहा है, जिससे समाज में असंतोष बढ़ रहा है।प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रशासन द्वारा खेल मैदान में अन्य प्रतिमाओं के संबंध में अलग दृष्टिकोण अपनाया गया है, जबकि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना को लेकर लगातार आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। संगठन ने इसे समाज की भावनाओं के विपरीत बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
राजमाता अहिल्याबाई होल्कर सेना (भारत) ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर खेल मैदान में राजमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापना की अनुमति प्रदान की जाए तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक बाधा उत्पन्न की गई है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।ज्ञापन सौंपने वालों में हरिओम पाल, नरेंद्र पाली एडवोकेट, प्रधान संजय धनगर, राजकुमार धनगर एडवोकेट, हेमंत बघेल एडवोकेट, ओमप्रकाश बघेल, महेश बाबू धनगर, जगदीश पाल, मुरारी बघेल, मेदाराम धनगर, श्याम सुंदर बघेल, चंद्रशेखर बघेल सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।






















