जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
चण्डौस/अलीगढ़। जनपद में पुलिस व्यवस्थाओं को दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर श्री आदित्य बंसल द्वारा थाना चण्डौस का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया ।
इस दौरान एसपी सिटी ने मालखाना, हवालात, बैरक, महिला हेल्प डेस्क, भोजनालय एवं सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को भी परखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित व मानक के अनुरूप बनी रहें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी विवेचकों को निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का गुण-दोष के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जन शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर करते हुए पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक नगर ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और थाना स्तर पर अनुशासन व पारदर्शिता बनाए रखना अनिवार्य है।























