जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित खादी नीति के तहत चयनित अभ्यर्थियों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को जिला ग्रामोद्योग कार्यालय में निःशुल्क टूल किट्स वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मा. विधायक खैर के प्रतिनिधि श्रीमती रजनी दिलेर ने की। उनके करकमलों द्वारा लाभार्थियों को दोना मेकिंग मशीन एवं पॉपकॉर्न मशीनों का निःशुल्क वितरण किया गया।
इस दौरान दोना मेकिंग मशीन प्राप्त करने वालों में अंकित कुमार, अनिल गौतम, संतोष कुमार, सद्दाम खान, नीरज कुमार, नरेश कुमार शर्मा, सौरभ सिंह, श्रीमती निशा, श्रीमती साधना देवी एवं आकाश कुमार शामिल रहे। वहीं पॉपकॉर्न मशीन के लाभार्थियों में सचिन कुमार, भूपेन्द्र कुमार, कु. रेनू, मुनेन्द्र कुमार, आजाद, कु. अंशू, मछला देवी, छोटेलाल, हेमपाल एवं रोहदेश को लाभान्वित किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि श्रीमती रजनी दिलेर ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जाए। उन्होंने लाभार्थियों को प्रेरित किया कि वे प्राप्त मशीनों का सदुपयोग कर अपनी आय में वृद्धि करें और अपने परिवार के जीवन स्तर को बेहतर बनाएं।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संजीदा बेगम ने बताया कि विभाग द्वारा संचालित योजनाएं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार सृजन का सशक्त माध्यम बन रही हैं।
उन्होंने लाभार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिकाधिक लोग इनका लाभ उठाकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय निदेशक, इग्नू अजय बर्धन आचार्य ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभार्थियों को स्वरोजगार के अवसरों के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रधान सहायक संतोष कुमार शर्मा एवं प्रावधिक सहायक राकेश सिंह यादव सहित अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।























