दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। उत्तर प्रदेश ऑनलाइन दस्तावेज पंजीकरण नियमावली 2024 के तहत लागू की जा रही ई-पंजीकरण व्यवस्था के विरोध में फतेहाबाद बार एसोसिएशन ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान किया है। इस संबंध में बार एसोसिएशन द्वारा मीडिया को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर निर्णय की जानकारी दी गई।
बार एसोसिएशन फतेहाबाद (आगरा) के अध्यक्ष पंकज कुमार गुप्ता एवं महासचिव विष्णु गुर्जर के हस्ताक्षर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि 16 जून 2026 को बार एसोसिएशन की एक संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों ने ई-पंजीकरण व्यवस्था के संबंध में अपने विचार रखे।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि ई-पंजीकरण व्यवस्था से आम जनमानस, अधिवक्ताओं तथा दस्तावेज लेखकों के समक्ष कई व्यावहारिक और जीविकोपार्जन संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसे देखते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार ई-पंजीकरण व्यवस्था संबंधी आदेश को वापस ले।
बार एसोसिएशन ने मांग पूरी होने तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। इसके तहत अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत रहेंगे।
बार पदाधिकारियों ने सरकार से अधिवक्ताओं एवं दस्तावेज लेखकों की चिंताओं पर गंभीरता से विचार कर उचित समाधान निकालने की मांग की है।
इस दौरान सुरेन्द्र पेंगोरिया, चोब सिंह जादौन, शिवस्वरूप गुप्ता,सुभाष चंद शर्मा,दिनेश पाठक,अवनीश पेंगोरियां,इंद्रजीत शर्मा,अनिल गुर्जर,अनिल गुप्ता समेत अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।





















