जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़: जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलैक्ट्रेट सभागार में कर करेत्तर एवं राजस्व की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने वाणिज्यकर विभाग की समीक्षा करते हुए राजस्व वसूली की प्रगति एवं लंबित आरसी की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन विभाग द्वारा 62 करोड़ रुपये के लक्ष्य के सापेक्ष 61 करोड़ रुपये की वसूली किए जाने की जानकारी दी गई। वहीं आबकारी, विद्युत एवं परिवहन विभागों ने निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष अधिक राजस्व वसूली कर बेहतर प्रदर्शन किया।
नगर निकायों की समीक्षा के दौरान पिलखना एवं विजयगढ़ क्षेत्र में टैक्स वसूली की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिशासी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में बहानेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी और राजस्व वसूली में तेजी लाई जाए।
विविध देयों एवं लंबित आरसी की विभागवार समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अभिलेखों और पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों में असमानता पाए जाने पर तहसीलदारों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने तहसीलों में अमीनों की तैनाती की स्थिति की भी समीक्षा की और कहा कि विभागों को अपने राजस्व लक्ष्यों के प्रति स्वयं गंभीर होना होगा। संबंधित विभागीय अधिकारी तहसीलों में समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराएं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन के कार्यों का निस्तारण उसी दिन किया जाए तथा किसी भी कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। जिलाधिकारी ने राजस्व वृद्धि के लिए प्रवर्तन कार्रवाई और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।





















