जिला नजर संवाददाता
अलीगढ़: जिले में आगामी खरीफ के मौसम को लेकर कृषि विभाग ने तैयारियों तेज कर दी है किसानों को उन्नत किस्म के बीज समय से उपलब्ध कराने के लिए उप कृषि निदेशक कार्यालय द्वारा बीज वितरण की विस्तृत रणनीति और ऑनलाइन बुकिंग की स्थिति सार्वजनिक की गई है।
इस बार विभाग का मुख्य फोकस धान, बाजरा, दलहन एवं तिलहनी फसलों पर है। जिसके लिए जिले के सभी विकास खण्डों के लक्ष्य पूर्व में ही निर्धारित कर दिये गये है। विभाग की ओर से जारी ऑकडों के अनुसार जिले के बारह विकास खण्डों, अकराबाद, धनीपुर, लोधा, जवॉ, इगलास, गोण्डा, खैर, टप्पल, चण्डौस, अतरौली, बिजौली एवं गंगीरी के लिए अलग-अलग बीज वितरण के लक्ष्य तय किये गये हैं।
जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी ने उक्त जानकारी देते हुए बताया सामान्य धान 2121.40 कुंतल, संकर धान 57.50 कुंतल, संकर मक्का 150 कुंतल, संकर बाजरा 2074.90 कुंतल, उर्द व मूँग 22 कुंतल, अरहर 397.30 कुंतल, मूँगफली 100 कुंतल, ढ़ैंचा 826, उर्द मिनीकिट (राज्य/केन्द्र) 5 कुंतल, मूँग मिनीकिट (राज्य/केन्द्र) 9 कुंतल, अरहर (राज्य/केन्द्र) 92.11 कुंतल, सावाँ मिनीकिट 7.20 कुंतल, कोदो मिनीकिट 9 कुंतल, रागी मडुआ मिनीकिट व बाजरा मिनीकिट 18 कुंतल, संकुल ज्वार मिनीकिट 19.20 कुंतल एवं मूँगफली मिनीकिट 10 कुंतल वितरित की जाएगी।
उन्होंने किसान भाइयों से अपील करते हुए कहा कि विभिन्न योजनान्तर्गत सामान्य बीज वितरण एवं बीज मिनीकिट वितरण के लिए निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष समस्त बीज (प्रमाणित/संकर) की बुकिंग विभाग के पोर्टल दर्शन-1 पर 22 अप्रैल से प्रारम्भ कर दी गयी है, जिसकी कट आफ तिथि 10 मई 2026 निर्धारित है जहाँ किसान अपनी आवश्यकतानुसार आवश्यक बीज की बुकिंग कर सकते हैं। 11 मई 2026 को जिलाधिकारी या उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि की उपस्थिति में लॉटरी खोली जायेगी।
ई-लॉटरी में चयनित कृषकों को विभाग द्वारा संचालित समस्त योजनओं में सामान्य बीज वितरण 50 प्रतिशत अनुदान पर एवं बीज मिनीकिट एवं प्रदर्शन में चयनित कृषकों को निःशुल्क बीज वितरण किया जायेगा। ढैंचा बीज की आपूर्ति समस्त विकास खण्डों के राजकीय कृषि बीज भण्डार पर हो गयी है।





















