दैनिक जिला नज़र संवाददाता
आगरा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय कन्या ईदगाह आगरा में आज कला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य एवं प्रेरणादायी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच एवं सांस्कृतिक प्रतिभा का अद्भुत प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर बसंत बहादुर सिंह (विभागाध्यक्ष, शिक्षा संकाय, आरबीएस कॉलेज आगरा) तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में राजीव वर्मा (जिला महामंत्री यूटा आगरा) की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही विद्यालय में अतिथि के तौर पर हेमलता नागर एवं सविता सिंह ने शिरकत करी।
इस भव्य कार्यक्रम में बच्चों के अभिभावक, अफजल, शमीना एवं ममता एवं मुकेश कुमार की विशेष उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक निधि श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आरबीएस कॉलेज आगरा के बी.एड. प्रशिक्षु छात्र-छात्राओं राजशेखर त्यागी, कविता कुमारी, अनुष्का कुशवाह, यामिनी राजपूत, वर्षा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ विज्ञान प्रदर्शनी से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं ज्ञानवर्धक मॉडलों ने सभी का मन मोह लिया।

विशेष रूप से रोशनी एवं दिव्य द्वारा प्रस्तुत ज्वालामुखी (Volcano) मॉडल, मोहित एवं विराट का सोलर मॉडल तथा जल चक्र सुहानी द्वारा एवं चुंबकीय सीमा का मॉडल सचिन एवं प्रिंस द्वारा निर्मित मॉडल को उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। इसके उपरांत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में छात्र-छात्राओं ने मनमोहक नृत्य, गायन प्रस्तुतियाँ देकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया।
रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह और आनंद का वातावरण बना दिया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





















