दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा रजिस्ट्री कार्यालयों में प्रस्तावित पेपरलेस ई-रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में बार एसोसिएशन फतेहाबाद ने आंदोलन तेज कर दिया है। बुधवार को बार एसोसिएशन की ओर से तहसील क्षेत्र के सभी स्टांप विक्रेताओं से पूर्ण कार्यबंदी कर आंदोलन में सहयोग देने की अपील की गई।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज कुमार गुप्ता एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि ई-रजिस्ट्री व्यवस्था लागू होने से स्टांप विक्रेता, टाइपिस्ट तथा अधिवक्ताओं के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। इसे आम जनता और रोजगार से जुड़े लोगों के हितों के खिलाफ बताया गया।
बैठक का संचालन महासचिव विष्णु गुर्जर एडवोकेट ने किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सरकार के निर्णय के विरोध में 15 जून से उपनिबंधक कार्यालय फतेहाबाद में अधिवक्ताओं की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी और कोई भी कार्य नहीं किया जाएगा।
बार एसोसिएशन ने तहसील क्षेत्र के सभी स्टांप विक्रेताओं से 24 जून से पूर्ण कार्यबंदी करने तथा स्टांप संबंधी सामग्री का विक्रय बंद रखकर आंदोलन को समर्थन देने का आह्वान किया है। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब तक सरकार अपने निर्णय पर पुनर्विचार नहीं करती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
बैठक में जुगराज सिंह, सुरेन्द्र पैगोरिया, चोब सिंह, पुष्पेंद्र सिंह बघेल,सुभाष चंद्र शर्मा, दिनेश कुमार पाठक, शिवस्वरूप गुप्ता, देवेंद्र पाठक, अवनीश पैगोरिया, चंदन श्रीवास्तव, ज्ञानदेव सिंह और जयपाल सिंह यादव सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।





















