दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक गुट के पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी फतेहाबाद स्वाति शर्मा को ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत शेखुपुर के उपग्राम झारपुरा में गांव के बीच बने पुराने तालाब को बंद कराने तथा गांव से बाहर नए तालाब का निर्माण कराने की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि गांव के बीच स्थित पुराना तालाब काफी समय से हादसों का कारण बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार तालाब में आए दिन दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है, जिसके चलते ग्रामवासियों ने उसमें मिट्टी डालकर उसे बंद कर दिया है। ग्रामीणों ने तालाब के लिए गांव से बाहर नई जमीन भी खरीद ली है।
भाकियू नेताओं ने मांग की कि खरीदी गई जमीन को तालाब के नाम दर्ज किया जाए तथा गांव से बाहर नए तालाब की खुदाई कराई जाए। उनका कहना था कि इससे गांव में जनहानि की संभावना समाप्त होगी और पुराने तालाब की जगह पर सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिल सकेगा।





















