दैनिक जिला नज़र संवाददाता
अलीगढ़। थाना बन्नादेवी व थाना सासनीगेट पुलिस की संयुक्त टीमों ने चोरी/नकबजनी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत की सोने की सिल्ली बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में घरों से सोने-चांदी के आभूषण व अन्य सामान चोरी होने की घटनाओं के संबंध में थाना बन्नादेवी व सासनीगेट में कई मुकदमे दर्ज थे। इन घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
टीमों ने करीब 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शातिर चोर फैजान कुरैशी निवासी खुर्जा नगर, जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चोरी का माल खरीदने वाले दो सुनार—शाकिर पुत्र जुम्मा खां व अनस पुत्र हुस्नुद्दीन निवासी खुर्जा—को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बंद मकानों के ताले तोड़कर चोरी करते थे और चोरी के आभूषणों को सुनारों को बेच देते थे। सुनार इन आभूषणों को गलाकर उनकी पहचान मिटा देते थे और कुछ सोना सिल्ली के रूप में अपने पास रख लेते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 33.24 ग्राम वजन की सोने की सिल्ली बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।





















