दैनिक जिला नजर ब्यूरो चीफ संजय भारद्वाज
अलीगढ़। जिले के सिविल लाइन क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी वारदात होने से पहले ही उसे विफल कर दिया। थाना सिविल लाइन पुलिस और स्वॉट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में हत्या की साजिश रच रहे 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 32 बोर पिस्टल, 5 जिंदा कारतूस और टारगेट का फोटो भी बरामद हुआ है पुलिस के अनुसार, यह मामला जुलाई 2025 में हुई लाडले खान की हत्या से जुड़ा है। इस हत्याकांड में आरोपी आदम को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन हाल ही में उसे जमानत मिल गई थी।

इसी के बाद मृतक के भाई शाहजी खान उर्फ शैजी ने बदला लेने की ठान ली और आदम की हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी देकर शूटरों को तैयार किया। पुलिस जांच में सामने आया कि शाहजी ने अपने साथी सलमान और अरशद के माध्यम से दिल्ली व अन्य स्थानों से शूटर बुलाए थे।
ये लोग कोर्ट में पेशी से पहले ही आदम की हत्या की योजना बना रहे थे और उसकी रेकी भी कर रहे थे मुखबिर की सूचना और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों अरशद, दिलशाद उर्फ शाहरुख, सलमान और शाहजी खान को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ का आपराधिक इतिहास भी रहा है, खासकर सलमान के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं इस कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना होने से पहले ही टल गई। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है





















