मथुरा: एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को सदर तहसील में तैनात कानूनगो नरेंद्र सिंह तरकर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उन्होंने पति की मौत के बाद जमीन पत्नी के नाम करने पर रिश्वत मांगी थी। टीम ने राया थाने में कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
असगरपुर सतोहा निवासी भाजपा कार्यकर्ता करन सिंह ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। करन के भाई भाजपा मंडल अध्यक्ष अजय राजावत ने बताया है कि क्षेत्र की रहने वाली महिला मीना ने पति की मृत्यु के बाद जमीन अपने नाम कराने के लिए मदद मांगी थी। इसके बाद उन्होंने अपने भाई करन के साथ महिला को सदर तहसील भेजा था। यहां कानूनगो नरेंद्र सिंह ने महिला के नाम जमीन करने पर दो लाख रुपये की मांग की थी। इसके बाद पैसे का इंतजाम करने की बात कहकर दोनों वहां से चले गए।
इसके बाद पीड़िता महिला व करन ने एंटी करप्शन टीम से घूस मांगने की शिकायत की थी। इसी बीच टीम ने कानूनगो को टैप करना शुरू कर दिया। शुक्रवार को महिला और करन दोनों 50 हजार रुपये लेकर कानूनगो के दफ्तर पहुंचे। महिला ने थैले में से जैसे ही 50 हजार रुपये निकालकर कानूनगो को दिए उसी वक्त मौजूद टीम ने दबोच लिया। इसके बाद रकम अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद टीम कानूनगो को महावन थाने ले गई। फिर राया थाना ले गई। इसके बाद टीम उसे अपने साथ आगरा ले गई।
एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि कानूनगो नरेंद्र सिंह तरकर के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। हालांकि कानूनगो को कोर्ट में पेश करने के लिए टीम अपने साथ ले गई है।
तीन किस्तों में मांगी थी रकम
भाजपा मंडल अध्यक्ष ने बताया है महिला ने जमीन अपने नाम कराने के लिए गहने गिरवी रख दिए हैं। इसके बाद वह 50 हजार रुपये का इंतजाम करके ले गई थी। साथ ही कुछ पैसे उधार मांग कर भी ले गई थी। कानूनगो ने महिला व उनके भाई से तीन किस्तों में दो लाख रुपये की रकम मांगी थी। हालांकि कानूनगो एंटी करप्शन के चंगुल में फंस गया और रंगे हाथ रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया।
- रिपोर्ट – राहुल गौड़