दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा। गंगाजल योजना के लिए ग्रामीण क्षेत्र में बिछाई गई पाइपलाइन अब ग्रामीणों के लिए परेशानी बन गई है। लापरवाही से छोड़े गए गड्ढों में बारिश का पानी भरने से फतेहाबाद तहसील के ग्राम चमरौली में बड़ा हादसा होते-होते बचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चमरौली गांव में गंगाजल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाई गई थी। ठेकेदार द्वारा पाइप डालने के बाद गड्ढे को ठीक से नहीं भरा गया। बुधवार शाम हुई भारी बारिश में उस गड्ढे में पानी भर गया। पानी भरने के कारण सड़क अचानक धंस गई और वहां एक बड़ा गड्ढा बन गया। यह गड्ढा पास के मकानों की नींव तक पहुंच गया है, जिससे आसपास के 2-3 मकान गिरने के कगार पर आ गए हैं।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। हादसे की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोगो ने उस रास्ते से लोगों का आवागमन बंद करा दिया। ग्रामीणों ने तुरंत ग्राम प्रधान, सचिव और अन्य अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन शुरू में कोई समाधान नहीं निकला।
इसके बाद ग्रामीणों ने तहसीलदार फतेहाबाद को सूचना दी। तहसीलदार के निर्देश पर स्थानीय लेखपाल, गंगाजल योजना के अधिकारी और ठेकेदार मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर क्षतिग्रस्त स्थान को ठीक कराने और मकानों को खतरा न हो इसके लिए तत्काल व्यवस्था करने का आश्वासन दिया है। इसके बाद गड्ढे में मिट्टी डालना शुरू कर दिया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि योजना के नाम पर जगह-जगह अधूरे गड्ढे छोड़ दिए गए हैं। बरसात में यही गड्ढे अब जान-माल के लिए खतरा बन गए हैं। लोगों ने मांग की है कि ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए और गांव में बचे हुए गड्ढों को तुरंत बंद कर सड़कों की मरम्मत कराई जाए।





















