दैनिक जिला नजर संवाददाता
फतेहाबाद/आगरा: विकास खंड फतेहाबाद की ग्राम पंचायत पारोली सिकरवार में बुधवार को बिजली की ढीली तार के टूटकर गिरने से एक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी झोपड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित महावीर पुत्र वासुदेव की झोपड़ी में रखा करीब चार बोरी अनाज, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग सात हजार रुपये बताई गई है, आग में पूरी तरह नष्ट हो गया। इसके अलावा कपड़े, बर्तन तथा अन्य घरेलू उपयोग का सामान भी जल गया।
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक अधिकांश सामान जल चुका था।अचानक हुई इस घटना से पीड़ित परिवार के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने तथा क्षेत्र में लटक रहे जर्जर बिजली तारों की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





















